Jamtara : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जामताड़ा में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के नेतृत्व में शहर में सशस्त्र पुलिस बलों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च जिला नियंत्रण कक्ष से शुरू होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, जामताड़ा बाजार, इंदिरा चौक, बस स्टैंड होते हुए यज्ञ मैदान तक पहुंचा। इस दौरान प्रशासन की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिखा। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी, पुलिस उपाधीक्षक, नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
डीसी रवि आनंद ने कहा कि जिला प्रशासन रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। साथ ही चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। डीसी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सभी लोग बिना डर के त्योहार मनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों में भरोसा जगाने की कोशिश की गई। प्रशासन का कहना है कि सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जा रही है ताकि रामनवमी का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।


