Gayaji : शेरघाटी थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर पंचायत के नवादा गांव में बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक को गोली मारकर बेतरह जख्मी कर दिया गया। जख्मी युवक की पहचान प्रकाश रंजन (26 वर्ष), पिता परशुराम प्रसाद, निवासी नवादा गांव के रूप में हुई है।
मामूली विवाद बना वारदात की वजह
जख्मी प्रकाश के चाचा लक्ष्मण प्रसाद के अनुसार, मंगलवार रात किसी मामूली विवाद को लेकर प्रकाश रंजन और आरोपी नीरज के बीच कहा-सुनी हो गई थी। इसी रंजिश में बुधवार सुबह आरोपी नीरज ने सरकारी विद्यालय के पास स्थित खेत में प्रकाश को बुलाया और उसे गोली मार दी। गोली युवक के मुंह के पास लगी है।
नाजुक हालत में ANMCH गया रेफर
घटना के बाद परिजन तुरंत उसे शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक गंभीर होने पर उसे अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (ANMCH), गया रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, बाइक बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना स्थल से एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read : विश्व मानवाधिकार दिवस पर गढ़वा DLSA ने चलाया विधिक जागरूकता अभियान


