Jamui : बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSAA) की ओर से इस साल फरवरी में मल्लयुद्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का नाम ‘दंगल’ रखा गया है। दो दिवसीय यह कार्यक्रम 14 और 15 फरवरी को आयोजित होने की संभावना है। इस बार दंगल का आयोजन जमुई के एसके सिंह स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता में विजेताओं को नगद पुरस्कार भी मिलेगा। पहले स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 1 लाख रुपए, दूसरे स्थान पर 50 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपए दिए जाएंगे।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से होगी एंट्री
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की एंट्री केवल ऑनलाइन होगी। इसके लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया जाएगा, जहां खिलाड़ी अपनी वेट कैटेगरी के अनुसार रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। महानिदेशक ने कहा कि हर खिलाड़ी ऑनलाइन ही जान पाएगा कि उसका मुकाबला किस खिलाड़ी के साथ होगा, जिससे प्रतियोगिता पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा सके।
वेट कैटेगरी और भागीदारी
प्रतियोगिता में लड़कों के लिए चार वेट कैटेगरी और लड़कियों के लिए तीन वेट कैटेगरी रखी गई हैं। रवीन्द्रण शंकरण ने बिहार के सभी मल्लयुद्ध अखाड़ों से खेलाड़ियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बेतिया, बगहा, गया, बक्सर, मुंगेर, भागलपुर सहित राज्य के सभी जिलों के खिलाड़ी इस दंगल में हिस्सा लें।

Also Read : WPL 2026 : RCB और DC के बीच आज अहम मुकाबला… जानें पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग XI




