Ranchi : राजधानी के कोकर इलाके में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार से आ रही कार ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है हादसे में टोटो सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी। बताया जाता है कि अचानक कार ने सामने चल रहे टोटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। कार सवार युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी स्थिति पर चिकित्सक निगरानी रखे हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Also Read : मुर्गी फार्म की आड़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार


