Gopalganj : गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय युवक अनिल कुशवाहा की बॉडी खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गई। घटना कटेया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से सामने आई है। डेड बॉडी मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मिली जरानकारी के अनुसार ग्रामीण शनिवार सुबह खेत की ओर गए तो उन्होंने युवक की बॉडी दिखाई दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रथम दृष्टया हत्या कर बॉडी को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने के बाद कटेया थाना पुलिस तुरंत स्पॉट पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अतिरिक्त बल तैनात
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया। लेकिन जैसे ही यह खबर फैली, भीड़ ने आरोपी को पुलिस से छीनने की कोशिश की और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आरोपी को पास के एक घर में सुरक्षित रखा गया, लेकिन भीड़ ने उस घर को चारों ओर से घेर लिया। तनाव बढ़ने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
मृतक के परिजन का आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी ने अनिल को फोन कर घर से बाहर बुलाया और उसके बाद उसकी हत्या की गई। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। फिलहाल, गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
Also Read : दो साल से अटकी छात्रवृत्ति, रांची में केंद्र सरकार के खिलाफ NSUI का विरोध मार्च


