Ranchi : नगड़ी थाना क्षेत्र के एक घर में डकैती की दुस्साहसिक वारदात अंजाम दिया गया। हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर दंपत्ति और उनके बच्चों पर बेरहमी से हमला किया। इस घटना में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधी बीती देर रात के समय घर में घुसे और पहले परिवार के सदस्यों पर हमला किया। हमले में महिला का हाथ टूट गया है, जबकि पुरुष के सिर में कई गंभीर चोटें आई हैं। बच्चों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के दौरान शोर सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, तो अपराधियों ने उन पर भी पत्थर से हमला कर दिया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
डकैत घर से करीब छह लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए। सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात की गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : देवघर में लापरवाही भारी, ट्रेन की टक्कर से ट्रक और बाइक चकनाचूर

