Dhanbad : बाबूडीह खटाल निवासी और पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले अमित कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार से लापता अमित का शव आज यानी रविवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। हत्या के आरोप में विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी की निशानदेही पर मिला शव
पुलिस ने मीडिया को बताया कि विकास खंडेलवाल की निशानदेही पर अमित का शव सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में उसके ही घर से बरामद किया गया। मौके पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया और पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
परिवार ने पहले ही दर्ज कराई थी लापता होने की शिकायत
अमित के परिजनों ने पहले ही उसकी लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने यह भी बताया कि अमित के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर तुरंत जांच शुरू कर दी।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने कहा कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर विकास खंडेलवाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की, और उसकी निशानदेही पर ही अमित का शव बरामद हुआ।
लोन से जुड़ा था विवाद
पुलिस के अनुसार, विकास और अमित के बीच करीब एक करोड़ रुपए के लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच चल रही है।
परिवार ने बताया, घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार, अमित शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे घर से निकले और कहा कि उन्हें दूर जाना है, लौटने में देर हो सकती है। दोपहर करीब 2 बजे जब उनसे संपर्क किया गया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। लगातार संपर्क न होने पर परिवार को चिंता हुई।
कुछ समय बाद अमित के मोबाइल से अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसमें 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। रकम न देने पर अमित को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। परिवार पूरी तरह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने किया खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सबसे पहले अमित के मोबाइल की लोकेशन गोविंदपुर ऊपर बाजार में मिली। इसके बाद मोबाइल सरायढेला थाना क्षेत्र के पास सूर्य हाइलैंड सिटी में कई घंटे सक्रिय रहा। बाद में पुलिस को पता चला कि मोबाइल डांगी मोड़ के पास फेंक दिया गया है।
थानेदार मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूर्य हाइलैंड सिटी में गहन जांच की। इसी दौरान विकास खंडेलवाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की और मामला पूरी तरह से उजागर हुआ।
Also Read : रांची जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए विशेष अभियान 10 फरवरी से

