Saraikela : सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में रापचा मोड़ के पास गुरुवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पावर ग्रिड के सामने बालू लदी हाइवा और एलटी 407 के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें एलटी 407 का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सुबह करीब 8 बजे तब हुई, जब पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एलटी 407 अचानक नियंत्रण खो बैठी और हाइवा के पिछले हिस्से में जा भिड़ी। सह-चालक रिंकू सिंह ने बताया कि वाहन की रफ्तार बहुत अधिक थी और ओवरटेक करने के प्रयास में चालक वाहन को संभाल नहीं पाया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एलटी 407 का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक स्टीयरिंग और लोहे की चादरों के बीच फंस गया था। आसपास के ग्रामीणों ने कई मिनटों की कोशिश के बाद उसे बाहर निकाला। घायल चालक को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH), जमशेदपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि चालक की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रापचा मोड़ पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और तेज रफ्तार की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत ओवरटेक को मुख्य वजह बताया गया है। पुलिस का कहना है कि चालक के बयान के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।


