Chaibasa : चाईबासा के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्राशाली गांव में अलाव तापने के दौरान एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सुनीता पूर्ति (34) के रूप में हुई है। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान सदर अस्पताल चाईबासा में उसने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना 21 दिसंबर की है। ठंड अधिक होने के कारण सुनीता घर में दो अन्य महिलाओं के साथ अलाव ताप रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई। आग लगते ही वह घबरा गई और इधर-उधर दौड़ने लगी, जिससे आग और फैल गई और वह गंभीर रूप से झुलस गई।
बताया गया कि घटना के समय मृतका के पति विक्रम पूर्ति परिवार के अन्य लोगों के साथ एक बुजुर्ग के निधन के बाद शव को दफनाने कब्रिस्तान गए हुए थे। घर में मौजूद महिलाओं और आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में सुनीता को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि सुनीता 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिजन उसे बाहर ले जाने में असमर्थ रहे और सदर अस्पताल में ही इलाज कराने का निर्णय लिया। इलाज के दौरान गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि सुनीता की शादी को अभी मात्र पांच महीने ही हुए थे। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि परिवार इस कठिन समय में कुछ सहारा पा सके।
Also Read : कपड़े की दुकान से 50 लाख की चोरी, विरोध में दुकानें बंद


