Dhanbad : झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला इलाके में स्थित एक प्लाई गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का प्लाई जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सिलेंडर फटने से लगी आग की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक गोदाम के अंदर रखे घरेलू गैस सिलेंडर के फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। धमाके के बाद कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और पूरे गोदाम में धुआं और लपटें उठने लगीं।
तीन लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती
इस घटना में गोदाम में काम कर रहे राजू अग्रवाल समेत तीन लोग झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
एक मवेशी झुलसा, बाकी को सुरक्षित निकाला गया
आग की चपेट में आकर एक मवेशी के झुलसने की भी सूचना है। हालांकि आसपास मौजूद लोगों और गोदाम कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बाकी मवेशियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Also Read :बोकारो में महिला सुरक्षा का संदेश, पिंक ऑटो जागरूकता रथ को DC-SP ने दिखाई हरी झंडी


