Chatra : चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पांडेयमहुआ स्थित इंदु फ्यूल पेट्रोल पंप पर बीतीरात करीब 12:40 बजे नकाबपोश अपराधियों ने बड़ी लूट की। पांच से छह अपराधी दो सफेद अपाचे बाइक पर आए और रिवॉल्वर के बल पर पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गए। उन्होंने पंप कर्मियों दयानंद सिंह और सौरभ पांडे को बंधक बना लिया और ₹3 लाख नकद लूट कर ले गए।
अपराधियों ने कर्मियों को पीटा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। लूट के बाद उन्होंने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और वाई-फाई का सेटिंग उखाड़ दिया और कर्मियों के मोबाइल फोन भी ले गए, जिन्हें कुछ दूरी पर फेंक दिया। पंप संचालक कविंद्र कुमार ने बताया कि अपराधियों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस टीम रातभर छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अपराधी इतनी बेखौफ होकर लूट कर फरार हो गए।
Also Read : पटना साहिब : तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव धूमधाम से संपन्न


