Palamu : सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब पलामू जिले में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ‘कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम’ योजना लागू हो गई है। योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति का 1.5 लाख रुपये तक का इलाज तुरंत और कैशलेस किया जाएगा।
झारखंड सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश
झारखंड सरकार के संयुक्त सचिव मनोज कुमार ने राज्य के सभी जिलों के DC को पत्र भेजकर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी है। पत्र में मंत्रालय के पोर्टल पर लॉगिन आईडी बनाने और योजना के संचालन का पूरा प्रारूप भी भेजा गया। पलामू उपायुक्त का लॉगिन आईडी बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
तुरंत इलाज और पोर्टल आधारित व्यवस्था
योजना लागू होने के बाद घायल व्यक्ति को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में तुरंत इलाज मिलेगा। अस्पताल को जख्मी का इलाज और सभी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। यदि अस्पताल में कोई जरूरी सुविधा या विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं, तो मरीज को एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
पुलिस की भूमिका
पुलिस अधिकारी यह पुष्टि करेंगे कि व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। उसके बाद अस्पताल द्वारा इलाज की पूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इलाज के भुगतान के लिए सात दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसे DC अपने लॉगइन आईडी से स्वीकृत करेंगे।
लॉग-इन के लिए जरूरी जानकारी
लॉग-इन के लिए आवश्यक जानकारी में DC का नाम और पदस्थापन जिला, DC का पहचान पत्र, आधिकारिक ई-मेल आईडी, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की स्कैन कॉपी, साथ ही योजना से जुड़े अस्पतालों की पूरी सूची शामिल है।
संबद्ध अस्पतालों में प्रमुख नाम:-
आशी केयर हॉस्पिटल
आकर्षी आई हॉस्पिटल
केके लाइफकेयर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल
लाइफलाइन हॉस्पिटल
मां गोदावरी हॉस्पिटल
एसपी हॉस्पिटल
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल
पांकी, मनातू और हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC)
मुख्य उद्देश्य
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। पोर्टल आधारित व्यवस्था के माध्यम से अस्पताल और प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर मरीजों को जल्द और कैशलेस इलाज दिया जाएगा।
Also Read : नीतीश कुमार के बेटे निशांत JDU में हुए शामिल, बोले- कार्यकर्ता बन करूंगा काम


