Patna : नीतीश कुमार सरकार ने 9 जनवरी को बिहार पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। इस क्रम में राज्य के 71 IPS अधिकारियों का तबादला किया गया है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि जिलों और रेंज स्तर पर भी व्यापक बदलाव हुए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
सुनील कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मुख्यालय बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) प्रीता वर्मा को महानिदेशक सह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम लिमिटेड की जिम्मेदारी दी गई है। एडीजी कुंदन कृष्णन को पुलिस महानिदेशक (अभियान) बनाया गया है। इसके साथ ही वे विशेष शाखा के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। एडीजी सह बिहार पुलिस अकादमी की निदेशक आर. मलार विजी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के एडीजी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कमजोर वर्ग सीआईडी के एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन को अब मद्य निषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो का एडीजी बनाया गया है। उनके पास कमजोर वर्ग सीआईडी के अपर पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। एडीजी (बजट/अपील/कल्याण) कमल किशोर सिंह को रेलवे के अपर पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आईजी और डीआईजी स्तर पर बदलाव
बिहार सशस्त्र पुलिस बल के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का आईजी बनाया गया है।
कोसी क्षेत्र के आईजी मनोज कुमार को पटना मुख्यालय का आईजी बनाया गया है। साइबर क्राइम के डीआईजी संजय कुमार को बीएसएपी का आईजी बनाया गया है। विवेकानंद को पूर्णिया क्षेत्र का आईजी, गया के एसएसपी आनंद कुमार को पटना का डीआईजी (विधि-व्यवस्था) बनाया गया है। सारण के एसपी कुमार आशीष को कोसी क्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।
जिलों में एसपी और एसएसपी की नई तैनाती
संतोष कुमार को किशनगंज का एसपी बनाया गया है, जबकि कांतेश कुमार मिश्रा को मुजफ्फरपुर का एसएसपी बनाया गया है।
जितेंद्र कुमार को अररिया और विनय तिवारी को गोपालगंज का एसपी नियुक्त किया गया है। सुशील कुमार अब गया के एसएसपी होंगे। अनंत कुमार राय को पटना रेल एसपी, जबकि प्रमोद कुमार यादव को भागलपुर का सीनियर एसपी बनाया गया है। जहानाबाद के एसपी विनीत कुमार को सारण का एसएसपी बनाया गया है। किशनगंज के एसपी सागर कुमार को पटना ट्रैफिक एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। पूरन कुमार झा को सिवान का एसपी बनाया गया है। रामानंद कौशल को बगहा और अवधेश दीक्षित को लखीसराय का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शुभांक मिश्रा अब शिवहर के एसपी होंगे। पटना ग्रामीण के एसपी अपराजित को जहानाबाद भेजा गया है। पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे विक्रम सिहाग को वैशाली का एसपी बनाया गया है। कोटा किरण कुमार को गया नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
नगर और अनुमंडल स्तर पर नियुक्ति
मोहिबुल्लाह अंसारी मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी और शैलेंद्र सिंह भागलपुर के सिटी एसपी बनाए गए हैं। संकेत कुमार को तारापुर (मुंगेर) का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बनाया गया है। दिव्यांजलि जायसवाल को पटना एसडीपीओ-2 की जिम्मेदारी दी गई है।
Also Read : सोमा मुंडा ह’त्याकांड : जोनल आईजी मनोज कौशिक पहुंचे खूंटी, कहा – अपराधी जल्द होंगे सलाखों के पीछे


