Palamui : पलामू में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शराब तस्करी के इल्जाम में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के नाम सरोज प्रजापति (32) और सुरेन्द्र महतो (41) बताये गये। दोनों तस्कर रांची के रहने वाले हैं। सरोज रांची के औरमांझी थाना क्षेत्र के बारीडीह का रहने वाला है। वहीं, सुरेंद्र का घर चान्हो थाना क्षेत्र के पंडरी पचम्बा में है। इन लोगों के पास से पुलिस ने 150 कार्टन अंग्रेजी शराब (लगभग 1342 लीटर), एक मोबाइल फोन और एक पीकअप वैन जब्त किया है। यह कार्रवाई पलामू एसपी रिष्मा रमेशन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी।
एसपी रिष्मा रमेशन को बीते गुरुवार को इंफॉर्मेशन मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप इधर से उधर होने वाली है। एक पीकअप वैन के जरिए झारखंड से बिहार के औरंगाबाद जिले में अवैध शराब भेजी जा रही है। इसके बाद सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर इलाके में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान संदिग्ध पीकअप वैन को रोका गया। वाहन सवारों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए वैन में पानी लदे होने की बात कही और इनवॉयस बिल भी दिखाया, लेकिन जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रांची से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और बरामद शराब सहित पीकअप वैन को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Also Read : मुख्य सचिव अविनाश कुमार की पत्नी को ईडी का नोटिस, मांगी जमीन घोटाले से जुड़ी जानकारी


