
Dhanbad : धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह आग स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने पार्किंग एरिया में लगे रेलवे के एक शोपीस में लगी। घटना के समय स्टेशन के बाहर काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन के बाहर कोयले की आकृति वाला एक स्टैचू लगाया गया है, जिसे चारों ओर से ग्रिल से घेरा गया है। अचानक इसी स्टैचू में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही रेलवे कर्मचारी और रेल पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। पार्किंग में मौजूद लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की।
शुरुआत में मौके पर पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई। इसके बाद लोगों ने स्टेशन गेट के पास रखी बालू से भरी बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। कुछ देर बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कोयले की इस अनुकृति में थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, जिससे आग तेजी से फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सिगरेट या कोई अन्य जलती हुई वस्तु स्टैचू के पास फेंकी होगी, जिससे आग लगी।
दमकल कर्मी श्रीकांत उपाध्याय ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

