Dhanbad : धनबाद के धनसार थाना इलाके की नई दिल्ली रोड पर देर रात दो दुकानों में आग लग गई। इस आग में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खत्म हो गई। आग लगते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। जिस जगह आग लगी, उसके पास ही टाटा मोटर्स का शोरूम है। अगर फायर ब्रिगेड और शोरूम के कर्मचारियों ने समय रहते काम नहीं किया होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उनकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
आग दो छोटी दुकानों में लगी थी। सूचना मिलने पर धनसार थाना के प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि झरिया और धनबाद के फायर स्टेशन को तुरंत अलर्ट किया गया और दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। फायर ब्रिगेड ने पूरी तरह आग पर काबू पा लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन पूरी जांच अभी जारी है।
स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह (ढोलक सिंह) ने बताया कि आग की खबर मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आग दो राशन दुकानों में लगी थी और बिजली के पोल के कारण आग लगने की संभावना है।
इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
Also Read : तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौ’त


