Ranchi : हिंदी भाषा और साहित्य को सशक्त बनाने के उद्देश्य से हिंदी साहित्य भारती, झारखंड प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक राजधानी रांची के होटल सिटी पैलेस, लालपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री रामनिवास शुक्ल मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. सुनीता कुमारी ने किया।
बैठक में नवगठित प्रदेश इकाई की औपचारिक घोषणा की गई और प्रदेश पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। इसके साथ ही संगठन की आगामी दिशा, संरचना और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य अतिथि रामनिवास शुक्ल ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता का आधार है। उन्होंने संगठन को गांव-गांव और जिले-जिले तक सक्रिय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नियमित बैठकें, सक्रिय जिला इकाइयां और अनुशासित कार्यप्रणाली को संगठन की मजबूती का आधार बताया। बैठक में कोष संग्रह और जिला स्तर पर संगठन विस्तार पर भी विचार विमर्श हुआ। प्रदेश प्रभारी डॉ. अरुण कुमार सज्जन ने संगठन की वैचारिक प्रतिबद्धता और दीर्घकालिक रणनीति पर अपने विचार साझा किए। बैठक के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने 2-2 मिनट में अपने सुझाव और विचार रखे। वरिष्ठ समाजसेवी और अन्य पदाधिकारियों ने संगठन के विकास, सक्रियता और साहित्यिक गतिविधियों पर बहुमूल्य सुझाव दिए।
Also Read : ऑपरेशन मुस्कान से रांची पुलिस की बड़ी सफलता, 50 गुम मोबाइल बरामद


