Ranchi : रांची पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए करीब 50 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आधुनिक तकनीकी विश्लेषण की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाया और इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद थाना परिसर में मोबाइल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी कागजातों और तकनीकी सत्यापन के बाद 25 मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन सौंपे गए।
इस मौके पर सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि थाना क्षेत्र में लगातार गुम हो रहे मोबाइल को लेकर विशेष अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से मोबाइल बरामद करना अब आसान हो गया है और पुलिस आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी।
कार्यक्रम में थानेदार सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Also Read : कफ सिरप पीने के बाद डेढ़ साल की बच्ची की मौ’त, जांच के आदेश


