Johar Live Desk : कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक आज आयोजित की जा रही है। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और केंद्र सरकार के खिलाफ पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मनरेगा की जगह लाए गए नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर विरोध की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कांग्रेस ने साफ किया है कि वह इस कानून के खिलाफ देशभर में आंदोलन करेगी।
यह बैठक बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद पहली बार हो रही है, इसलिए इसे संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसके अलावा 2026 में असम, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा संभव है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि नए कानून में महात्मा गांधी का नाम हटाकर मनरेगा की मूल भावना को कमजोर किया गया है। उनका कहना है कि यह कदम गरीब और ग्रामीण मजदूरों के हितों के खिलाफ है।
नए कानून के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 125 दिन का रोजगार देने की बात कही गई है। हालांकि, इसकी फंडिंग अब केंद्र और राज्य सरकारें 60:40 के अनुपात में साझा करेंगी। कानून लागू होने के छह महीने के भीतर राज्यों को इसके नियमों के अनुसार अपनी योजनाएँ तैयार करनी होंगी।


