Patna : बिहार में पहली बार एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के तहत ईस्ट जोन वाइस चांसलर्स मीट 2025-26 का आयोजन आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी (AKU) में किया जा रहा है। यह पहली बार है जब बिहार की किसी यूनिवर्सिटी को इस तरह का राष्ट्रीय मंच मिलने का अवसर मिला है।
यूनिवर्सिटी के कुलपति शरद कुमार यादव ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में सतत विकास और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में देश के पूर्वी क्षेत्र की 70 से अधिक यूनिवर्सिटी के कुलपति और वरिष्ठ शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। कई कुलपति ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे।
बिहार के राज्यपाल और कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कुलपति शरद कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप AKU में 2025-26 से स्टेम सेल टेक्नोलॉजी, एस्ट्रोनॉमी और दर्शनशास्त्र जैसे नए स्कूल शुरू किए गए हैं। यह बैठक न केवल AKU बल्कि बिहार को राष्ट्रीय उच्च शिक्षा के मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में मदद करेगी।
AIU अध्यक्ष प्रो. विनय पाठक ने बताया कि विश्वविद्यालयों को एक मंच पर लाना, उनके बीच तालमेल बढ़ाना और उच्च शिक्षा के मानकों व गुणवत्ता को बनाए रखना इस मीट का मुख्य उद्देश्य है। वहीं, AIU के जनरल सेक्रेटरी पंकज मित्तल ने कहा कि कुलपतियों की यह बैठक सांस्कृतिक, अकादमिक, खेल और शोध संबंधी गतिविधियों के लिए उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं का मार्ग भी तैयार करेगी, ताकि भारत में उच्च शिक्षा के स्तर को और ऊँचा किया जा सके।


