Chaibasa : चाईबासा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकेला गांव में एक दुखद घटना घटी। मानकी साई मोहल्ला में गणेश बोयपाई (19) खाना बनाते समय चूल्हे में गिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन गुरुवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कैसे क्या हुआ
गणेश के पिता दिलीप बोयपाई ने बताया कि बुधवार सुबह पूरे परिवार के लोग तालाब की ओर शौच के लिए गए थे। उसी समय गणेश घर में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहे थे। दिलीप बोयपाई ने कहा कि उस दिन गणेश की तबीयत ठीक नहीं थी। खाना बन जाने के बाद वह चूल्हे के पास आग से गर्मी ले रहे थे। इसी दौरान संभवतः उन्हें चक्कर आ गया और वह सीधे चूल्हे में गिर गए। गिरने से गणेश की छाती और पेट बुरी तरह झुलस गए। जब परिजन शौच से लौटकर घर पहुंचे तो अंदर से हल्की आवाज सुनाई दी। घर में जाकर देखा तो गणेश आग में झुलस रहे थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
अस्पताल में दिन भर उनका इलाज चलता रहा। हालांकि डॉक्टरों ने हर संभव कोशिश की, लेकिन गुरुवार की देर रात गणेश की मौत हो गई। दिलीप बोयपाई ने बताया कि गणेश किसी प्रकार का नशा नहीं करता था। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ाई कर चुके थे और अविवाहित थे। सदर थाना को घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और हादसे की वजह से सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Also Read : जमीन पर काम रोकने का आदेश, आखिरकार किसके संरक्षण में मकान तोड़ने में जुटे जमीन कारोबारी


