Chaibasa : चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मटकोम बेड़ा गांव में रविवार को 18 वर्षीय सूरज मछूवा की लाश उसके ही घर में फंदे से लटकती हालत में मिली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय सूरज अपने तीन छोटे भाई-बहनों के साथ घर पर था। दोपहर के बाद जब उसके भाई-बहन खेलने के लिए बाहर चले गए, तब वह घर में अकेला रह गया। इसके बाद वह फंदे पर लटका मिला। कुछ समय बाद जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने सूरज को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
परिजनों के अनुसार, सूरज अपने भाई-बहनों के साथ गांव में ही रहता था, जबकि उसके माता-पिता रोजी-रोटी की तलाश में ओडिशा में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही माता-पिता भी तत्काल गांव लौट आए। परिवार वालों ने बताया कि सूरज किसी काम में नहीं लगा था और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। उसका स्वभाव शांत था और वह कम बोलता था। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, यह बात अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
Also Read : पलामू में शराब तस्करों पर पुलिस का प्रहार, बिहार के 6 लोग 840 लीटर स्प्रिट के साथ गिरफ्तार


