Johar Live : कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में और खटास आ गई है। भारत ने पाकिस्तान से आने वाले या पाकिस्तान को जाने वाले सभी सामानों पर तुरंत रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह रोक सीधे तौर पर या किसी अन्य तरीके से आने-जाने वाले सभी सामानों पर लागू होगी, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग ठप हो गया है।
हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार पहले से ही सीमित था। पुलवामा हमले के बाद, जो 2019 में हुआ था, इस व्यापार में और कमी आई थी। दोनों देशों ने एक-दूसरे के साथ व्यापार को लेकर कई प्रतिबंध लगाए थे, लेकिन कुछ आवश्यक वस्तुओं का लेन-देन अभी भी जारी था, जो ज्यादातर तीसरे देशों जैसे दुबई या सिंगापुर के माध्यम से होता था। वर्ष 2023-24 में, भारत ने पाकिस्तान से 3 मिलियन डॉलर का आयात किया, जबकि 1.2 अरब डॉलर का निर्यात किया।
पाकिस्तान से भारत आते हैं ये सामान
भारत पाकिस्तान से कई वस्तुओं का आयात करता है, जिनमें ड्राई फ्रूट्स, तरबूज, सीमेंट, सेंधा नमक, पत्थर, चूना, मुल्तानी मिट्टी, चश्मों का ऑप्टिकल्स, कॉटन, स्टील, कार्बनिक केमिकल्स, और चमड़े का सामान शामिल हैं। अब आयात पर रोक लगने के कारण भारत में व्रत के समय उपयोग होने वाला सेंधा नमक और ड्राई फ्रूट्स नहीं आ पाएंगे।
भारत से पाकिस्तान जाते हैं ये सामान
भारत भी पाकिस्तान को कई वस्तुएं निर्यात करता है, जिनमें जैविक और अजैविक केमिकल, दवाइयां, कृषि उत्पाद, कपास, सूती धागा, चीनी, मिठाइयां, प्लास्टिक, और मशीनरी शामिल हैं। व्यापार पर बैन लगने के कारण अब भारत पाकिस्तान को दवाइयां और चीनी भी नहीं भेज पाएगा।
Also Read : CM चन्नी पर भाजपा का पलटवार, कहा- पाकिस्तानी सेना और आतंकियों को ऑक्सीजन सप्लाई कर रही कांग्रेस
Also Read : नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पोकलेन ड्राइवर की हुई जमकर पिटाई, MRMCH में भर्ती