गोड्डा. भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए गोड्डा में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. रेल मंत्रालय ने जिले के 127 प्लॉट की 22.65 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने का प्रस्ताव जारी किया है. इसमें निजी रैयती जमीन के साथ सरकारी जमीन भी शामिल है. प्रभावित जमीन मालिकों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 दिनों का समय दिया गया है.
रेल मंत्रालय की 27 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, अधिग्रहण के लिए कुल 9.1662 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है. इसमें खेती की जमीन, बाड़ी और मकान-सहन के अलावा सरकारी पहाड़, रास्ता, गोचर और जंगल की जमीन भी शामिल है. कुछ प्लॉट की पूरी जमीन ली जाएगी, जबकि कुछ के हिस्से का ही अधिग्रहण होगा.
करीब 177 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के दोहरीकरण पर 3,169 करोड़ रुपये खर्च होने हैं. परियोजना बिहार के भागलपुर और बांका, झारखंड के दुमका और गोड्डा तथा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से होकर गुजरेगी. सितंबर 2025 में केंद्र सरकार ने इसे मंजूरी दी थी.
दोहरीकरण से इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाने और सिंगल लाइन के कारण होने वाली परिचालन संबंधी परेशानियां कम करने की उम्मीद है. रेलवे के अनुमान के मुताबिक, परियोजना से पांच जिलों के 441 गांवों और करीब 28.72 लाख लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.
अधिसूचना के बाद अब प्रभावित जमीन मालिक अपनी आपत्तियां जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, गोड्डा के पास लिखित रूप में दे सकते हैं. इसके बाद उनकी सुनवाई होगी.
No comments yet. Be the first to comment!