सिमडेगा. पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026 में गिरफ्तार अभिषेक भारती के साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोपों पर सिमडेगा पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है. पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर प्रसारित हो रही ऐसी खबरों को निराधार और तथ्यहीन बताया है. पुलिस का कहना है कि अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के दौरान सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया गया है.
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर मारपीट किए जाने और अन्य आरोपों से संबंधित सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं. पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी के दौरान निर्धारित कानूनी एवं विधिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया.
गौरतलब है कि बाबूलाल मरांडी ने 27 नवंबर को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने का आग्रह किया है.
मरांडी ने पत्र में आरोप लगाया है कि 25 नवंबर की रात से 26 नवंबर की दोपहर तक अभिषेक के साथ पाकरटांड़ थाना में मारपीट की गई और उन पर अदालत में पुलिस के मनमुताबिक बयान देने का दबाव बनाया गया.
उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए पाकरटांड़ थाना, सिमडेगा टाउन थाना और न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज, थाना डायरी, हिरासत एवं पेशी से जुड़े दस्तावेज और सदर अस्पताल के चिकित्सा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की है. साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराने और उनका बयान न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराने का आग्रह किया है. मरांडी ने झारखंड हाईकोर्ट से भी मामले में स्वतः संज्ञान लेने की अपील की है.
26 नवंबर को न्यायिक हिरासत में भेजे गए अभिषेक भारती
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अभिषेक भारती को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. 26 नवंबर 2026 को न्यायालय में उपस्थापन के बाद उन्हें सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल वह मंडल कारा सिमडेगा में न्यायिक अभिरक्षा में हैं.
पुलिस ने अपने स्पष्टीकरण में गिरफ्तारी की कार्रवाई को पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप बताया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित मारपीट के आरोपों को निराधार करार दिया है.
Also Read : झारखंड: लातेहार में 7.5 डिग्री पहुंचा पारा, राज्य में सुबह-शाम बढ़ी कनकनी, 1 दिसंबर तक कोहरे का असर


No comments yet. Be the first to comment!