रांची। झारखंड के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अल्बर्ट एक्का की वीरता और बलिदान की कहानी जल्द ही बड़े पर्दे पर दिखाई देगी. उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘परमवीर’ जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म के निर्माता सागर गौड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फिल्म को टैक्स में छूट देने का आग्रह किया है, ताकि शहीद अल्बर्ट एक्का की शौर्यगाथा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके.
निर्माता सागर गौड़ा ने झारखंड में फिल्म की शूटिंग के दौरान मिले सहयोग के लिए स्थानीय लोगों का आभार जताया है. उन्होंने विशेष रूप से गुमला जिले के जारी गांव के लोगों की सराहना की, जिन्होंने शूटिंग के दौरान पूरा सहयोग दिया. उन्होंने झारखंडवासियों से सिनेमाघरों में फिल्म देखने और इसका समर्थन करने की अपील भी की.
1971 के युद्ध में दिखाई थी अदम्य वीरता
लांस नायक अल्बर्ट एक्का का जन्म 27 दिसंबर 1942 को तत्कालीन बिहार और वर्तमान झारखंड के गुमला जिले के जारी गांव में हुआ था. वे भारतीय सेना की 14 गार्ड्स बटालियन में तैनात थे. 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान पूर्वी मोर्चे पर उन्होंने असाधारण साहस का परिचय दिया था.
4 दिसंबर 1971 को गंगासागर के मोर्चे पर भारतीय सेना पाकिस्तानी सेना के मजबूत ठिकानों पर हमला कर रही थी. इस दौरान दुश्मन की मशीनगनों से लगातार गोलीबारी हो रही थी, जिससे भारतीय सैनिकों की आगे बढ़ने की राह मुश्किल हो रही थी.
ऐसे में अल्बर्ट एक्का ने अपनी जान की परवाह किए बिना दुश्मन के बंकर पर हमला किया. उन्होंने संगीन से दुश्मन सैनिकों को मारकर मशीनगन को शांत किया. इस दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने पीछे हटने के बजाय अपना अभियान जारी रखा.
इसके बाद एक इमारत से पाकिस्तानी सेना की दूसरी मशीनगन भारतीय सैनिकों पर लगातार गोलियां बरसा रही थी. अल्बर्ट एक्का घायल अवस्था में उस इमारत तक पहुंचे और दुश्मन के ठिकाने को नष्ट कर दिया. उनकी इस कार्रवाई से भारतीय सैनिकों को आगे बढ़ने में मदद मिली और अभियान सफल हुआ. हालांकि, इस संघर्ष में लगी गंभीर चोटों के कारण वे शहीद हो गए.
मरणोपरांत मिला देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान
अल्बर्ट एक्का की असाधारण वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया. यह देश का सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता सम्मान है. उनकी शौर्यगाथा आज भी भारतीय सेना और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
अब फिल्म ‘परमवीर’ के जरिए उनके जीवन और बलिदान की कहानी नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. निर्माता ने मुख्यमंत्री से फिल्म को टैक्स में छूट देने का आग्रह इसी उद्देश्य से किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग सिनेमाघरों में पहुंचकर इस वीर सपूत की कहानी देख सकें.
Also Read : IITF-2026: झारखंड पवेलियन में माटी कला का लाइव डेमो बना आकर्षण, हस्तशिल्प उत्पादों पर 30 प्रतिशत तक छूट
No comments yet. Be the first to comment!