रांची: झारखंड के एक हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए आरोपी डबलू कुजूर (Dablu Kujur) को हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी है. सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष सरेंडर करने का निर्देश दिया है. यह आदेश 23 नवंबर 2026 को जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने सुनाया.
दरअसल, डबलू कुजूर को ट्रायल कोर्ट ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और 120B के तहत दोषी ठहराया था. कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माने का आदेश दिया था. हालांकि, झारखंड हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2026 को उसकी सजा पर रोक लगाते हुए जमानत दे दी थी.
हाईकोर्ट के इस फैसले को मामले के शिकायतकर्ता पवन कुमार आर्य ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि हाईकोर्ट ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और सेशन कोर्ट की टिप्पणियों को ध्यान में नहीं रखा था.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने मामले के एक गवाह और सरकारी गवाह बने मुनव्वर अफाक (PW-26) को धमकी दी थी. कोर्ट ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामले में हाईकोर्ट ने इन तथ्यों पर विचार किए बिना नियमित तरीके से सजा पर रोक लगाकर जमानत दे दी.
इन्हीं तथ्यों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए डबलू कुजूर की जमानत रद्द कर दी और 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट में सरेंडर करने का निर्देश दिया.
No comments yet. Be the first to comment!