जोहार लाइव ब्यूरो
सिमडेगा जिले की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव-2026 के अवसर पर तैयार स्मारिका का बुधवार यानि की आज समाहरणालय सभागार में विमोचन किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्मारिका का विमोचन किया.
इस स्मारिका में रामरेखा धाम की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, साहित्यिक रचनाओं, जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और धाम में चल रहे विकास कार्यों को शामिल किया गया है. इसका उद्देश्य सिमडेगा की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और पर्यटन के लिहाज से जिले की पहचान को व्यापक बनाना है.
रामरेखा धाम के इतिहास और धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख
स्मारिका में सिमडेगा के पाकरटांड़ प्रखंड स्थित रामरेखा धाम की महत्ता का विस्तार से वर्णन किया गया है. समुद्र तल से करीब 1312 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह धाम जिला मुख्यालय से लगभग 26 किलोमीटर दूर है. यहां कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विशाल मेला लगता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
प्रचलित धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के इस स्थल पर आगमन की मान्यता है. स्मारिका में गुफा, सीता चूल्हा, गुप्त गंगा, लक्ष्मण कुंड और अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़ी कथाओं को भी जगह दी गई है.
स्मारिका में रामरेखा धाम की खोज और इसके विकास में बीरू राजघराने के योगदान का भी उल्लेख है. ऐतिहासिक विवरणों और प्रचलित कथाओं के अनुसार, 18वीं शताब्दी में बीरू राज्य के राजा हरिराम सिंह देव ने आखेट के दौरान इस स्थल की खोज की थी. इसके बाद यहां पूजा-अर्चना की परंपरा शुरू हुई. राजा गजराज सिंह देव के समय भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की पाषाण प्रतिमाओं की स्थापना का भी उल्लेख किया गया है.
डीसी की ‘श्रीरामरेखा धाम स्तुति’ बनी आकर्षण
स्मारिका का विशेष आकर्षण उपायुक्त कंचन सिंह द्वारा रचित ‘श्रीरामरेखा धाम स्तुति’ है. इस गीतात्मक रचना में भगवान श्रीराम के आदर्श, माता सीता की पवित्रता और लक्ष्मण की सेवा भावना का वर्णन किया गया है. साथ ही रामरेखा धाम के प्राकृतिक परिवेश और धार्मिक स्थलों की महिमा को भी काव्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है.
इसके अलावा स्वर्गीय आचार्य रमापति की साहित्यिक रचना ‘रामरेखा महात्म्य’ को भी स्मारिका में शामिल किया गया है. इसके जरिए धाम की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को सामने लाने का प्रयास किया गया है.
पर्यटन और विकास कार्यों को भी मिली जगह
स्मारिका में सिमडेगा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता को भी दर्शाया गया है. इसके साथ ही रामरेखा धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों की जानकारी दी गई है.
प्रशासन की ओर से धाम की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक गरिमा को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है. कुल मिलाकर, यह स्मारिका रामरेखा धाम की धार्मिक आस्था, इतिहास, साहित्य और पर्यटन की संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत करने का प्रयास है.
No comments yet. Be the first to comment!