रांची/पलामू। रोजगार की तलाश में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गए पलामू के हुसैनाबाद निवासी शशि कुमार पासवान पिछले चार महीने से दुबई में हिरासत में हैं. उनकी सुरक्षित वतन वापसी के लिए अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर प्रयास तेज हो गए हैं. डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी इस मामले में पहल करते हुए शशि की पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया था. वहीं, विदेश मंत्रालय ने भी मामले की आधिकारिक जानकारी साझा की है.
विदेश मंत्रालय के अवर सचिव अरूप कुमार साहा ने बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन के निजी सचिव को पत्र भेजकर शशि के मामले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है. पत्र के अनुसार, शशि कुमार पासवान के खिलाफ दुबई के अल रशीदिया पुलिस स्टेशन में वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. इस संबंध में केस संख्या 27175/26 दर्ज की गई है. मामला दुबई की अदालत में भेज दिया गया है. इसकी पहली सुनवाई 16 नवंबर और दूसरी सुनवाई 23 नवंबर को हुई है. मंत्रालय की ओर से शशि के परिजनों को मामले की प्रगति की जानकारी दी जा रही है.
जयराम महतो ने पत्नी से की बात, मदद का दिया भरोसा
शशि की रिहाई और सुरक्षित वतन वापसी के लिए स्थानीय स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. डुमरी विधायक जयराम महतो ने वीडियो कॉल के माध्यम से शशि की पत्नी से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी. उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया था. शशि के परिजन और ग्रामीण भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हैं.
इस मामले में 12 नवंबर को हुसैनाबाद प्रखंड की पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और पार्टी के एमएलसी अशरफ अंसारी से मुलाकात की थी. शिष्टमंडल ने नेताओं को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शशि की रिहाई और वतन वापसी के लिए पहल करने की मांग की थी.
इस पर लोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वासन दिया था कि पार्टी प्रवासी मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भी मामले से अवगत कराया था. इसके बाद मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने विदेश मंत्रालय के स्तर पर पहल की थी.
दो साल के रोजगार के लिए गया था यूएई
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ददरा गांव निवासी ललन पासवान का 23 वर्षीय पुत्र शशि कुमार पासवान 26 अप्रैल 2025 को रोजगार के लिए संयुक्त अरब अमीरात गया था. वह अबूधाबी स्थित पायनियर जनरल कंस्ट्रक्शन एलएलसी कंपनी में हेल्पर के पद पर काम कर रहा था. वह दो साल के लिए वहां गया था.
इसी दौरान उसकी बहन की शादी 26 जून को तय हुई थी. परिजनों के अनुसार, बहन की शादी की सूचना मिलने के बाद वह कानूनी और अन्य प्रक्रियाओं के बीच ऐसी परिस्थिति में फंस गया, जिसके बाद उसके खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो गया.
फिलहाल मामला दुबई की अदालत में विचाराधीन है. परिवार को उम्मीद है कि विदेश मंत्रालय और जनप्रतिनिधियों की पहल से कानूनी प्रक्रिया में मदद मिलेगी और शशि की सुरक्षित वतन वापसी का रास्ता निकलेगा.
No comments yet. Be the first to comment!