जोहार लाइव ब्यूरो
JTET-2026 परीक्षा में तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है. OMR शीट पर प्रश्न पुस्तिका की बुकलेट सीरीज अंकित नहीं होने और एडमिट कार्ड में Teacher Type की त्रुटि को लेकर अभ्यर्थियों ने अब विधायक टाइगर जयराम कुमार महतो से हस्तक्षेप की मांग की है.
बुधवार को झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में दर्जनों JTET अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने डुमरी विधायक सह JLKM अध्यक्ष टाइगर जयराम कुमार महतो से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने मामले में मुख्यमंत्री और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से तत्काल हस्तक्षेप कराने की मांग की.
OMR शीट और एडमिट कार्ड की त्रुटियों से अभ्यर्थी परेशान
अभ्यर्थियों ने विधायक को बताया कि 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित JTET-2026 परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों से परेशान हैं. OMR शीट में बुकलेट सीरीज अंकित नहीं होने से मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम को लेकर आशंकाएं बनी हुई हैं. वहीं, कुछ अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Language Teacher की जगह Social Studies अंकित होने की शिकायत है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि इन गलतियों का असर भविष्य में नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के दौरान भी पड़ सकता है. उन्होंने मांग की कि परीक्षा संचालन में हुई त्रुटियों के कारण किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए.
मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का मिला आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से JAC अध्यक्ष और सचिव के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस मामले को उठाने की अपील की. साथ ही प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए स्पष्ट आधिकारिक सूचना और सुधार संबंधी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की.
विधायक टाइगर जयराम महतो ने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनने के बाद सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि अगले दिन प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे और हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मामले में आवश्यक पहल करेंगे.
समाधान होने तक जारी रहेगा संघर्ष
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने विधायक के प्रति आभार जताया. संघ की प्रमुख मांग है कि OMR बुकलेट सीरीज की समस्या का न्यायसंगत समाधान किया जाए, एडमिट कार्ड में Teacher Type की त्रुटि का आधिकारिक सुधार हो और JAC इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे.
संघ ने कहा कि अभ्यर्थियों के हक और न्याय के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा. जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक अभ्यर्थियों की आवाज उठाई जाती रहेगी.
Also Read : झारखंड: सिमडेगा की ऐतिहासिक विरासत को मिली नई पहचान, रामरेखा महोत्सव स्मारिका में मिली जगह
No comments yet. Be the first to comment!