AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां | भाग-1: 53 प्रतिशत साक्षरता और 4 विश्वविद्यालयों से शुरू हुआ सफर, अब स्कूल से IIT-AIIMS तक बदली तस्वीर

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता 

15 नवंबर 2000 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए झारखंड ने पिछले 26 वर्षों में विकास के अलग-अलग मोर्चों पर लंबा सफर तय किया है. राज्य की इसी यात्रा को तथ्यों और आंकड़ों के साथ दर्ज करने के लिए प्रस्तुत है विशेष सीरीज— ’26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां’. इस श्रृंखला के पहले भाग में बात राज्य की शिक्षा व्यवस्था में आए बदलावों की.

राज्य गठन के समय वर्ष 2001 की जनगणना में झारखंड की साक्षरता दर 53.56 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2023-24 में बढ़कर 76.70 प्रतिशत तक पहुंच गई. इसी तरह महिला साक्षरता, ग्रामीण शिक्षा, स्कूलों की संख्या, उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना और उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार ने राज्य की शैक्षणिक तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

धनबाद के IIT (ISM), रांची के IIM, IIIT और केंद्रीय विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के NIT और देवघर के AIIMS जैसे संस्थानों ने झारखंड को राष्ट्रीय उच्च शिक्षा के मानचित्र पर अलग पहचान दी है. राज्य गठन के समय की स्थिति से लेकर आज तक के 26 वर्षों के शैक्षणिक सफर की 26 प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं

शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड की 26 उपलब्धियां

1. साक्षरता दर 53.56 से बढ़कर 76.70 प्रतिशत हुई

राज्य गठन के बाद शिक्षा के क्षेत्र में सबसे बड़ा बदलाव साक्षरता दर में दिखाई देता है. वर्ष 2001 की जनगणना में झारखंड की साक्षरता दर 53.56 प्रतिशत थी. झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार 2023-24 में यह बढ़कर 76.70 प्रतिशत हो गई. यानी 26 वर्षों के इस सफर में 23.14 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

2. महिला साक्षरता 38.87 से बढ़कर 70.6 प्रतिशत पहुंची, लैंगिक अंतर घटा

वर्ष 2001 की जनगणना के समय झारखंड में महिला साक्षरता दर मात्र 38.87 प्रतिशत थी, जबकि पुरुष साक्षरता 67.30 प्रतिशत थी. पिछले ढाई दशक में महिला शिक्षा पर विशेष जोर देने से यह तस्वीर बदली है और 2023-24 में महिला साक्षरता दर 70.6 प्रतिशत पर पहुंच गई. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार हाल के वर्षों में महिला साक्षरता में सुधार की गति पुरुषों की तुलना में लगभग पांच गुना रही, जिससे वर्ष 2019-20 में पुरुषों और महिलाओं की साक्षरता के बीच का 17.3 प्रतिशत अंक का अंतर 2023-24 में घटकर 12.2 प्रतिशत अंक रह गया.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

3. ग्रामीण और शहरी साक्षरता की खाई कम हुई

राज्य गठन के समय वर्ष 2001 की जनगणना में ग्रामीण साक्षरता दर केवल 45.74 प्रतिशत थी, जबकि शहरी साक्षरता 79.14 प्रतिशत थी—यानी दोनों के बीच 33.40 प्रतिशत अंक का बड़ा अंतर था. गांवों तक स्कूलों की पहुंच बढ़ने से यह अंतर तेजी से कम हुआ है. वर्ष 2019-20 में ग्रामीण और शहरी साक्षरता के बीच 15.9 प्रतिशत अंक का अंतर था, जो 2023-24 में घटकर 12.3 प्रतिशत अंक रह गया.

4. 44,376 स्कूलों का विस्तृत नेटवर्क तैयार

राज्य गठन के समय दूरदराज के कई गांवों में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की भारी कमी थी. लगातार स्कूल स्थापना और उन्नयन के बाद UDISE+ 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में 44,376 स्कूल दर्ज किए गए हैं. प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक फैला यह नेटवर्क राज्य के स्कूली शिक्षा तंत्र का मजबूत आधार है.

5. नामांकन में बड़ा उछाल: 74.37 लाख विद्यार्थियों तक स्कूली शिक्षा की पहुंच

वर्ष 2001-02 में राज्य के प्रारंभिक स्कूलों (6 से 14 आयु वर्ग) में केवल 26.63 लाख बच्चे नामांकित थे. सर्व शिक्षा अभियान और अन्य शैक्षणिक योजनाओं के विस्तार के बाद आज स्कूली शिक्षा का दायरा कई गुना बढ़ चुका है. UDISE+ 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के स्कूलों में कुल 74.37 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं.

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

6. प्रिपरेटरी स्तर पर 96.7 प्रतिशत और आदिवासी विद्यार्थियों का 100.3 प्रतिशत GER

राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में प्राथमिक स्तर पर ही बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल से बाहर रह जाते थे. नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा 3 से 5 तक के अनुरूप प्रिपरेटरी चरण में अब झारखंड का कुल सकल नामांकन अनुपात (GER) 96.7 प्रतिशत दर्ज किया गया है. इसमें भी अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों का GER 100.3 प्रतिशत रहा, जो आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बच्चों के व्यापक नामांकन को दर्शाता है.

7. माध्यमिक शिक्षा में लड़कियों की भागीदारी लड़कों से आगे निकली

वर्ष 2001-02 में कक्षा 9 से 12 तक कुल सकल नामांकन अनुपात मात्र 13.52 प्रतिशत था और लड़कियों की संख्या बेहद कम थी. अब कक्षा 8 से 12वीं तक के स्तर पर लड़कियों का लैंगिक समानता सूचकांक (GPI) 1.02 दर्ज किया गया है. इसका अर्थ है कि इस स्तर पर लड़कियों का नामांकन लड़कों के बराबर या उससे अधिक हो चुका है.

8. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों (CM School of Excellence) की शुरुआत

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक और अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा देने के लिए राज्य भर में 80 जिला स्तरीय मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय शुरू किए गए हैं. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, ICT लैब, पुस्तकालय और व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है.

9. 203 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित, 77,850 छात्राएं और डिजिटल सुविधाएं

राज्य गठन के समय वंचित और ग्रामीण इलाकों की लड़कियों के लिए आवासीय विद्यालयों का अभाव था. इस कमी को दूर करने के लिए झारखंड में 203 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं, जहां कक्षा 6 से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा दी जाती है. संसद में दिए गए सरकारी जवाब के अनुसार, इन सभी 203 विद्यालयों में 77,850 छात्राएं नामांकित हैं तथा प्रत्येक विद्यालय में ICT लैब और स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

10. सभी 260 प्रखंडों तक बालिका आवासीय विद्यालयों का विस्तार

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अनुसार, 203 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के अलावा राज्य के शेष 57 प्रखंडों में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय संचालित किए गए हैं. इस तरह राज्य के सभी 260 प्रखंडों में वंचित वर्ग की लड़कियों के लिए आवासीय शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

11. आदिवासी आवासीय विद्यालयों में सीटों की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ी

राज्य गठन के समय आदिवासी विद्यार्थियों के लिए आवासीय स्कूलों की क्षमता बेहद सीमित थी. केंद्र सरकार की अप्रैल 2025 की जानकारी के अनुसार, झारखंड के 81 अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों में सीटों की संख्या 12,520 से बढ़ाकर 31,420 की गई है. इससे आवासीय क्षमता में 18,900 सीटों की सीधे बढ़ोतरी हुई है.

12. 91 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत, 7,550 विद्यार्थी नामांकित

आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा देने के लिए झारखंड में 91 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत हैं. केंद्र सरकार की जुलाई 2025 की जानकारी के अनुसार इनमें से 51 विद्यालय कार्यरत हैं, जिनमें शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान 7,550 विद्यार्थी नामांकित थे, जबकि शेष विद्यालय निर्माण या स्थापना की प्रक्रिया में हैं.

13. मातृभाषा में शुरुआती शिक्षा के लिए पलाश कार्यक्रम

राज्य गठन के समय से ही आदिवासी बच्चों के लिए घर की भाषा और स्कूल की हिंदी भाषा के बीच की दूरी बड़ी चुनौती थी. इसे दूर करने के लिए झारखंड ने पलाश बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत सात जिलों के 1,000 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में संथाली, मुंडारी, हो, कुड़ुख और खड़िया भाषाओं में शुरुआती शिक्षा दी जा रही है. यूनेस्को की 2025 की ‘भाषा मैटर्स’ रिपोर्ट में भी इसे केस स्टडी के रूप में शामिल किया गया है.

14. बुनियादी शिक्षा में राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन और गुमला का नवाचार मॉडल

नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार निपुण भारत फाउंडेशनल लर्निंग अध्ययन में झारखंड के 68 प्रतिशत विद्यार्थी बुनियादी गणित में और 66 प्रतिशत भाषा दक्षता में वैश्विक न्यूनतम दक्षता स्तर तक पहुंचे, जो क्रमशः 52 और 54 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से बेहतर है. इसके अलावा नीति आयोग की ‘स्टोरीज ऑफ चेंज’ रिपोर्ट में गुमला जिले के सरकारी स्कूलों में विज्ञान केंद्र, रोबोटिक्स और 400 से अधिक विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग प्रशिक्षण देने के मॉडल को शामिल किया गया, जिससे जिला बोर्ड परीक्षा रैंकिंग में 17वें से सातवें स्थान पर पहुंचा.

15. 4 राज्य विश्वविद्यालयों से बढ़कर 38 विश्वविद्यालय स्तर के संस्थान

नवंबर 2000 में जब झारखंड अस्तित्व में आया, तब राज्य में केवल 4 राज्य विश्वविद्यालय (रांची विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय और बिरसा कृषि विश्वविद्यालय) थे. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में AISHE 2023-24 के आधार पर अब राज्य में 38 विश्वविद्यालय स्तर के संस्थान कार्यरत हैं. इनमें 18 निजी राज्य विश्वविद्यालय, 12 राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालय, 5 राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, 1 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 1 राज्य मुक्त विश्वविद्यालय और 1 डीम्ड विश्वविद्यालय शामिल हैं.

16. उच्च और तकनीकी शिक्षा के 447 संस्थान

झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अनुसार, AISHE 2021-22 के आधार पर राज्य में 447 उच्च एवं तकनीकी शिक्षा संस्थान कार्यरत थे. राज्य गठन के समय की तुलना में कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों के इस बड़े नेटवर्क ने उच्च शिक्षा को जिला स्तर तक पहुंचाया है.

17. उच्च शिक्षा में GER 20 प्रतिशत और आदिवासी युवाओं की भागीदारी 45 प्रतिशत बढ़ी

उच्च शिक्षा में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, झारखंड का कुल उच्च शिक्षा सकल नामांकन अनुपात (GER) 2016-17 के 15.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 20 प्रतिशत हो गया. इसी अवधि में अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा GER 11.3 प्रतिशत से बढ़कर 16.4 प्रतिशत यानी लगभग 45 प्रतिशत बढ़ा.

18. केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड की स्थापना

राज्य गठन के समय झारखंड में एक भी केंद्रीय विश्वविद्यालय नहीं था. वर्ष 2009 में रांची में केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड की स्थापना हुई, जिससे राज्य के विद्यार्थियों को केंद्रीय स्तर की उच्च शिक्षा और शोध का अवसर मिला.

19. रांची में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM)

वर्ष 2000 में प्रबंधन शिक्षा के लिए राज्य के विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता था. वर्ष 2009 में रांची में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) की स्थापना से झारखंड राष्ट्रीय स्तर के प्रबंधन शिक्षा मानचित्र पर शामिल हुआ.

20. IIT (ISM) धनबाद को मिला IIT का दर्जा

वर्ष 1926 में स्थापित धनबाद स्थित इंडियन स्कूल ऑफ माइंस को राज्य गठन के बाद वर्ष 2016 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का दर्जा मिला. इससे राज्य को अपना पहला IIT प्राप्त हुआ और इसकी राष्ट्रीय पहचान और विस्तृत हुई.

21. जमशेदपुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT)

राज्य गठन के समय क्षेत्रीय इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) के रूप में संचालित जमशेदपुर के इस संस्थान को वर्ष 2002 में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) का दर्जा मिला और 2007 में इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया गया.

22. रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) की स्थापना

सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उच्च स्तरीय मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से वर्ष 2016 में केंद्र सरकार, झारखंड सरकार और उद्योग भागीदारों की साझेदारी से रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) की स्थापना की गई, जिसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा प्राप्त है.

23. देवघर में AIIMS की स्थापना और 10 मेडिकल संस्थानों में 1,255 MBBS सीटें

राज्य गठन के समय झारखंड में एक भी राष्ट्रीय स्तर का चिकित्सा संस्थान नहीं था और केवल 3 सरकारी मेडिकल कॉलेज (रांची, जमशेदपुर और धनबाद) संचालित थे. देवघर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की स्थापना से राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर की मजबूती मिली. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सीट मैट्रिक्स में अब झारखंड के 10 मेडिकल संस्थानों के लिए कुल 1,255 MBBS सीटें दर्ज हैं, जिनमें AIIMS देवघर, RIMS रांची, MGM जमशेदपुर, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद, दुमका, हजारीबाग और पलामू के सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ निजी और डीम्ड संस्थान शामिल हैं.

24. 16 इंजीनियरिंग कॉलेज और 50 पॉलिटेक्निक संस्थानों का नेटवर्क

आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, राज्य में डिग्री स्तर की तकनीकी शिक्षा के लिए अब 16 इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, जिनमें 2 सरकारी, 3 पीपीपी मॉडल और 11 निजी संस्थान शामिल हैं. इसके साथ ही डिप्लोमा स्तर की तकनीकी शिक्षा के लिए 50 पॉलिटेक्निक संस्थान कार्यरत हैं, जिनमें 17 सरकारी, 16 पीपीपी मॉडल और 17 निजी संस्थान हैं.

25. नर्सिंग, पैरामेडिकल और शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों का विस्तार

AISHE 2022-23 के स्टैंडअलोन संस्थान वर्गीकरण में झारखंड के लिए 223 संस्थानों का उल्लेख है. इसमें 111 नर्सिंग, 43 तकनीकी/पॉलिटेक्निक, 38 पैरामेडिकल, 21 शिक्षक प्रशिक्षण, 6 PGDM/प्रबंधन और 2-2 होटल प्रबंधन तथा मंत्रालय से जुड़े संस्थान शामिल हैं.

26. छात्रवृत्ति और विदेश में उच्च शिक्षा के नए अवसर

झारखंड में ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति की व्यवस्था विकसित हुई है. सरकारी पोर्टल के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 33.20 लाख से अधिक लाभार्थियों को कुल 1,339.35 करोड़ रुपये की सहायता दी गई. इसके अलावा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत विदेश में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाए गए हैं, जिसके लाभार्थियों की संख्या 2021-22 के 7 से बढ़कर 2025-26 में 50 हो गई.

झारखंड के 26 वर्षों के सफर में शिक्षा का विस्तार बुनियादी स्तर से लेकर शोध संस्थानों तक हुआ है. वर्ष 2001 की 53.56 प्रतिशत साक्षरता दर से शुरू हुआ यह सफर आज 76.70 प्रतिशत तक पहुंच चुका है. वहीं, राज्य गठन के समय के सीमित स्कूलों, 3 मेडिकल कॉलेजों और 4 विश्वविद्यालयों का दायरा बढ़कर आज 44 हजार से अधिक स्कूलों, 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों, 10 मेडिकल संस्थानों और 38 विश्वविद्यालय स्तर के संस्थानों तक विस्तृत हो गया है. IIT, IIM, NIT, IIIT, केंद्रीय विश्वविद्यालय और AIIMS जैसे संस्थानों की मौजूदगी इस बदलाव को राष्ट्रीय पहचान देती है.

हालांकि, संख्यात्मक विस्तार के साथ गुणवत्ता और निरंतरता की चुनौती अब भी सामने है. झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार राज्य में माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 15.2 प्रतिशत है और उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात (20 प्रतिशत) राष्ट्रीय औसत (28.4 प्रतिशत) से पीछे है. इन उपलब्धियों को स्थायी बनाने के लिए माध्यमिक स्तर पर बच्चों को स्कूल में बनाए रखना, शिक्षकों की कमी दूर करना और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारना अगले चरण की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

Also Read : 26 साल में झारखंड: 26 उपलब्धियां, जो बताती हैं कितना बदला राज्य

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More