जोहार लाइव ब्यूरो
कान्हाचट्टी में वन संपदा की सुरक्षा और अवैध तस्करी पर कड़ी नकेल कसते हुए वन विभाग ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है. चतरा उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार रविवार को राजपुर वन प्रक्षेत्र के बन्दा सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कत्था निर्माण के विरुद्ध एक व्यापक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान में राजपुर रेंज, चतरा सदर रेंज और लावालौंग रेंज के वन कर्मियों की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया.
गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने बन्दा सुरक्षित वन के बेहद भीतरी और दुर्गम इलाकों में अचानक दबिश दी, जहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कत्था तैयार करने का काला कारोबार चल रहा था. छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से लगभग 40 किलोग्राम गीला कत्था बरामद कर उसे जब्त कर लिया. इसके साथ ही जंगल में अवैध रूप से संचालित हो रही कत्था भट्ठियों और कत्था निर्माण में प्रयुक्त होने वाले सभी उपकरणों व बर्तनों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. हालांकि कार्रवाई के दौरान घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर अवैध धंधे में शामिल तस्कर मौके से भागने में सफल रहे.
प्रधान वनरक्षक कृष्णा महात्मा ने कत्था निर्माण की पूरी प्रक्रिया का खुलासा करते हुए बताया कि तस्कर जंगलों में खैर के पेड़ों की धड़ल्ले से अवैध कटाई करते हैं. इसके बाद पेड़ के बीच के हिस्से को टुकड़ों में काटकर गर्म भट्ठियों में बड़े बर्तनों के जरिए गलाया जाता है, जिससे लिक्विड तैयार होता है. इस लिक्विड को हार्ड कंप्रेसर में दबाकर कड़े बिस्कुट के रूप में बदला जाता है, जो बाजारों में करीब दो हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकता है.
वन विभाग द्वारा जब्त किए गए 40 किलो कत्थे की अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है. वन अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि सुरक्षित वनों को नुकसान पहुंचाने और खैर के पेड़ों की अवैध कटाई कर कत्था बनाने वाले माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. अज्ञात तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस ताबड़तोड़ संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के वन माफियाओं और तस्करों में हड़कंप मच गया है.
No comments yet. Be the first to comment!