पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए बिना किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने यह स्पष्ट किया है. संथाल परगना दौरे के दूसरे दिन उन्होंने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान सुनवाई से संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली.
के. रवि कुमार ने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को दो बार नोटिस दिया जाएगा. इसके बाद सुनवाई, घर-घर भौतिक सत्यापन और आवश्यक जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इन सभी प्रक्रियाओं के बाद ही कारणयुक्त अंतिम आदेश पारित किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन प्राप्त करने पर भी जोर दिया. साथ ही पश्चिम बंगाल में जिन लोगों के दस्तावेज लंबित हैं, उनसे आवेदन की पावती संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष जमा करने की अपील की. इससे दस्तावेज उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा सकेगा.
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : IITF-2026 : झारखंड की मोती खेती बनी आकर्षण का केंद्र, एक सीप में तैयार हो रहे 7-8 मोती
No comments yet. Be the first to comment!