रांची. संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ निकालेगी. रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होकर मार्च करते हुए बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष संपन्न होगी. रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को राजकीय अतिथिशाला, मोरहाबादी में प्रदेश कांग्रेस की बैठक हुई. इसकी संयुक्त अध्यक्षता झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की.
बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को रैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उन्हें अपने-अपने जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
संविधान और लोकतंत्र पर खतरे का लगाया आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से 26 नवंबर की रैली आयोजित की जा रही है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है. इसी क्रम में देशभर में संविधान रक्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में भी पार्टी अपने सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों के साथ मिलकर जनता को संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देगी.
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, उपाध्यक्ष दयामणि बरला, सोशल मीडिया विभाग प्रभारी गजेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राम खलखो, एनएसयूआई अध्यक्ष विनय उरांव, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष प्रशांत किशोर, ओबीसी विभाग अध्यक्ष निशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे. इनके अलावा शांतनु मिश्रा, सोरेन राम, सुभाष नाग, हृदयनंद यादव, आदित्य विक्रम जायसवाल, कौशल किशोर, अजहर पप्पू, डॉ. पी. नैयर और बबलू शुक्ला समेत अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए.
Also Read : झारखंड : जामताड़ा क्लब के शताब्दी वर्ष पर निःशुल्क नेत्र शिविर, 91 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित
No comments yet. Be the first to comment!