झारखंड : गृह प्रवेश का भोज बना आफत, 400 से अधिक लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

पलामू : जिले के छतरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार प्रखंड के जमुआ गांव में गृह प्रवेश समारोह का भोजन खाने के बाद 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बीमार लोगों में उल्टी, दस्त, बुखार, पेट दर्द और शरीर में दर्द की शिकायत सामने आई है. कई लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार, जमुआ निवासी विमलेश यादव (पिता रामसुंदर यादव) के नवनिर्मित मकान में शुक्रवार को गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में रिश्तेदारों के अलावा जमुआ और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. समारोह में मेहमानों को पूड़ी, बुंदिया, आलू-गोभी और पनीर की सब्जी परोसी गई थी.

बताया जा रहा है कि भोजन करने के बाद उसी रात से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. एक के बाद एक लोगों को बुखार, पेट दर्द, शरीर में दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शुरुआत में लोगों ने गांव के ग्रामीण चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पतालों का रुख करना पड़ा.

रविवार को करीब 40 बीमार लोगों को छतरपुर स्थित अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. यहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में मरीजों का इलाज किया जा रहा है. वहीं, कई अन्य लोग सरईडीह, नौडीहा बाजार, छतरपुर और मेदिनीनगर के निजी अस्पतालों में भी भर्ती हैं.
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है. प्रभावित लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए इलाज की व्यवस्था की जा रही है.

विषाक्त भोजन की आशंका, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग

गृह प्रवेश समारोह का भोजन खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से विषाक्त भोजन की आशंका जताई जा रही है. चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल में पहुंचे सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है. प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका है, हालांकि लोगों के बीमार होने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है.

छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों में कचनपुर निवासी प्रदीप यादव और ललिता देवी के अलावा जमुआ निवासी आकाश कुमार, आशीष कुमार, दिलीप कुमार, रेणु कुमारी, निशा कुमारी, मंजू देवी, सूरज कुमार, सीमा देवी, उर्मिला देवी, अंकित, रंजीत यादव, केशरी यादव, शिवनंदन यादव, मोहन यादव, परीखा यादव, मुन्नी देवी, शुभम कुमार, बरती देवी, किशुन यादव, लखपतिया देवी, मनोज कुमार, दीपक कुमार, हीरा यादव और काजल कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं.

फिलहाल सभी प्रभावितों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग बीमारी की वजह का पता लगाने में जुटा है.

Also Read : ‘लोकतंत्र के मंदिर से बड़ा कोई मंदिर नहीं’, विधानसभा स्थापना दिवस पर हेमंत सोरेन का संदेश

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!