रांची: भाजपा 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाएगी. इस अवसर पर झारखंड के सभी 30 संगठनात्मक जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. डॉ. भीमराव आंबेडकर को केंद्र में रखकर संगोष्ठी होगी और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. रविवार को संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने इसकी जानकारी दी.
अमर बाउरी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था. वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संसद के दोनों सदनों में संविधान और बाबा साहेब के योगदान पर दो दिवसीय विशेष चर्चा हुई थी. उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाउरी ने कहा कि संविधान लागू होने के बाद कांग्रेस ने इसमें कई संशोधन किए. वर्ष 1975 में आपातकाल के दौरान सत्ता बचाने के लिए संविधान में संशोधन किए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ भी अन्याय किया. पंडित जवाहरलाल नेहरू ने चुनाव के दौरान उनके खिलाफ प्रचार किया था. आज वही कांग्रेस बाबा साहेब के नाम पर राजनीति कर रही है. कांग्रेस को उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए.
एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है. कांग्रेस के शासनकाल में भी 10 बार एसआईआर कराया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है. राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस को अच्छी सीटें मिलने के बावजूद ईवीएम पर सवाल नहीं उठाने का भी उन्होंने उल्लेख किया.
पत्रकारों की आवाज पर लगाई जा रही लगाम
झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए बाउरी ने कहा कि राज्य में पत्रकारों की आवाज पर लगाम लगाने की कोशिश हो रही है. छात्र सड़कों पर हैं और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बेलगाम हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान गौरव दिवस और जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित संसदीय चर्चाओं का बहिष्कार किया था.
उन्होंने देश के विभाजन के लिए कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया. साथ ही कहा कि बाबा साहेब एक देश में दो निशान और दो विधान के पक्ष में नहीं थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों के लिए विभिन्न योजनाएं तैयार की हैं.
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, राफिया नाज और प्रदेश प्रवक्ता सहित अन्य नेता उपस्थित थे.
Also Read : लोकतंत्र में मतभेद मनभेद न बनें, जनहित सर्वोपरि हो : संतोष गंगवार
No comments yet. Be the first to comment!