लोकतंत्र में मतभेद मनभेद न बनें, जनहित सर्वोपरि हो : संतोष गंगवार

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने विधानसभा स्थापना दिवस समारोह में लोकतंत्र, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी, सदन में सार्थक विमर्श और जनहित को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि राज्य का गठन यात्रा का अंत नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी की शुरुआत होता है. राज्य निर्माण केवल भौगोलिक सीमाओं का निर्धारण नहीं, बल्कि लोगों की आकांक्षाओं और आशाओं को साकार करने का अवसर है.

उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान प्राकृतिक संपदा, जनजातीय विरासत, सांस्कृतिक विविधता और मेहनतकश जनता में निहित है. इस पहचान को सुरक्षित रखते हुए राज्य को विकसित, समृद्ध और न्यायपूर्ण बनाना सभी की जिम्मेदारी है.

राज्यपाल ने विधानसभा को लोकतंत्र का पावन मंदिर बताते हुए कहा कि यहां जनता की आकांक्षाएं विचारों का रूप लेती हैं और विचार नीति व कानून के माध्यम से जनकल्याण का आधार बनते हैं. सदन में उठने वाले प्रश्न जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करते हैं. यहां लिए गए निर्णय लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच स्वस्थ संवाद तथा सार्थक विमर्श लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं.

उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन मतभेद को मनभेद में नहीं बदलना चाहिए. जनहित का उद्देश्य सभी के लिए सर्वोपरि होना चाहिए. विधानसभा की सार्थकता केवल विधेयकों के पारित होने से नहीं, बल्कि राज्य की जनता के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलावों से तय होती है.

लोकसभा के पुराने दिनों को किया याद

अपने संसदीय अनुभवों को साझा करते हुए संतोष गंगवार ने लोकसभा के पुराने दिनों को याद किया. उन्होंने कहा कि सदन में बैठने और चर्चा करने की परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है. अपने शुरुआती संसदीय कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने एनजी रंगा का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि एनजी रंगा कम बोलते थे, लेकिन सदन में आते थे और कार्यवाही समाप्त होने तक बैठे रहते थे. उनका ज्ञान इतना व्यापक था कि उनसे बातचीत करने पर उनकी जानकारी और समझ का एहसास होता था.

राज्यपाल ने चिंता जताई कि लोकतंत्र में ऐसी परंपराओं और संसदीय ज्ञान की कमी होती जा रही है. लोकतंत्र को मजबूत बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

विकास के साथ सम्मान और समान अवसर भी जरूरी

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे भारत का निर्माण होना चाहिए जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान और समान अवसर मिले. विकास को जनभागीदारी से जोड़ना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जरूरी है.

संतोष गंगवार ने जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति जनप्रतिनिधि न रहे, तब भी जनता के मन में उसके प्रति विपरीत राय नहीं होनी चाहिए. जनप्रतिनिधियों का आचरण, कार्यशैली और जनता के प्रति उनका व्यवहार ही उनकी वास्तविक पहचान बनता है.

Also Read : ‘लोकतंत्र के मंदिर से बड़ा कोई मंदिर नहीं’, विधानसभा स्थापना दिवस पर हेमंत सोरेन का संदेश

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!