पलामू: ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देने वाले पलामू के अभय कुमार ने झारखंड का मान बढ़ाया है. हैदरनगर निवासी अभय को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के साइंस मिशन निदेशालय, वाशिंगटन डीसी की ओर से उपलब्धि प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है. वह हुसैनाबाद के ए.के. सिंह कॉलेज, जपला के छात्र और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक हैं. उनकी इस उपलब्धि से कॉलेज सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
ए.के. सिंह कॉलेज के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभय कुमार, हैदरनगर निवासी विजय कुमार के पुत्र हैं. नासा के साइंस मिशन निदेशालय की ओर से जारी प्रमाण-पत्र पर निदेशालय की एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. निकोला फॉक्स के आधिकारिक हस्ताक्षर अंकित हैं. बताया गया है कि अभय ने निदेशालय की ओर से निर्धारित शोध मानकों और वैज्ञानिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की है. उनकी शोध योग्यता को अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ता पहचान प्रणाली पर नासा की ओर से सत्यापित किए जाने की भी जानकारी दी गई है.
अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रतियोगिता में भी हासिल कर चुके हैं उपलब्धि
अभय कुमार की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है. इससे पहले भी वह अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं. एक वैश्विक सैटेलाइट संचार संस्थान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रतियोगिता में उनका चयन देश के शीर्ष 30 युवाओं में हुआ था. लगातार मिल रही उपलब्धियां विज्ञान और शोध के क्षेत्र में उनकी रुचि और प्रयासों को दर्शाती हैं.
साधारण ग्रामीण परिवेश और सरकारी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने वाले अभय ने भूगोल जैसे विषय के माध्यम से शोध के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है. उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो छोटे शहरों और गांवों में रहकर बड़े सपने देखते हैं. अभय की सफलता ने यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी भौगोलिक सीमा या संसाधनों की मोहताज नहीं होती. मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
कॉलेज परिवार ने दी बधाई
अभय कुमार की इस उपलब्धि पर ए.के. सिंह कॉलेज के शासी निकाय के सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, पलामू सांसद सह अध्यक्ष विष्णु दयाल राम, प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार, प्रो. जयशंकर प्रसाद सिंह और प्रो. राजेश कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताई है. सभी ने अभय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि अभय आगे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई उपलब्धियां हासिल कर कॉलेज, पलामू और झारखंड का नाम रोशन करेंगे.
No comments yet. Be the first to comment!