रिम्स जमीन घोटाला : एसीबी ने शुरू की वैभव मणि त्रिपाठी की संपत्ति की जांच, छापेमारी पूरी होने के बाद मिले कई अहम दस्तावेज

जोहार लाइव ब्यूरो

रांची:भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), झारखंड ने रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े मामले में तत्कालीन रांची जिला अवर निबंधक वैभव मणि त्रिपाठी की संपत्ति की जांच शुरू कर दी है. यह संपत्ति की जांच इसलिए शुरू की गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने पद का दुरुपयोग कर और घोटाले के पैसे से कितनी की संपत्ति अर्जित की है.

एसीबी ने आरोपी के परिवार के सदस्यों की संपत्ति को भी जांच के दायरे में रखा है. जानकारी के अनुसार वैभव मणि त्रिपाठी के आवास पर शनिवार, 21 नवंबर 2026 को छापेमारी हुई थी.यह कार्रवाई विशेष निगरानी न्यायालय, रांची के आदेश पर की गई.एसीबी की टीम ने विधिवत तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं.

जांच इसलिए शुरु हुई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने आय से कितने की अधिक की संपत्ति अर्जित की है

क्या है मामला

एसीबी, रांची थाना में 5 जनवरी 2026 को कांड संख्या 01/2026 दर्ज किया गया था. इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 120 (बी) और 109 के साथ-साथ संशोधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 336, 338, 340, 61 और 49 लगाई गई हैं. साथ ही भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(क) एवं 12 तथा संशोधित भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, 2018 की धारा 13(2) सहपठित 13(1)(a) एवं 12 के तहत भी मामला दर्ज है.

इस प्रकरण में वैभव मणि त्रिपाठी को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं और रांची में जिला अवर निबंधक के पद पर तैनात रह चुके हैं. उन पर रिम्स, रांची की जमीन से जुड़े घोटाले में संलिप्तता का आरोप है.

छापेमारी में क्या मिला

एसीबी के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. हालांकि बरामद दस्तावेजों और सामग्री का विस्तृत ब्योरा अभी साझा नहीं किया गया है. ब्यूरो का कहना है कि ये साक्ष्य आगे की जांच में काफी अहम साबित होने की संभावना है. क्योंकि बरामद दस्तावेज काफी अहम है.

एसीबी अब जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी. इनके आधार पर आरोपी की संपत्ति और जमीन घोटाले में उनकी भूमिका की पड़ताल की जाएगी. जांच में नए तथ्य सामने आने पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है.

Also Read : रिम्स जमीन घोटाला : एसीबी का सात पूर्व अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी; दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगाल रही टीम

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!