उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है. शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है. पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जब मां के निधन की सूचना मिली, उस समय वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे.
सावित्री देवी पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं. वह अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनका निधन हुआ. निधन से पहले उनकी तबीयत खराब होने पर डॉक्टर को भी बुलाया गया था.
सावित्री देवी की तबीयत पहले भी कई बार बिगड़ चुकी थी. जून 2024 में उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था. उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने डॉक्टरों से मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और करीब 20 मिनट तक उनके साथ रहे थे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें मां के निधन की सूचना मिली. वह गोरखपुर में विद्यार्थियों से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल थे. सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार किया जाएगा.
1994 में योगी आदित्यनाथ ने छोड़ दिया था घर
योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है. उनका जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था. उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे. योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 1994 में संन्यास ग्रहण कर लिया था और गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़ गए थे. इसके बाद उनका अधिकांश समय धार्मिक और सार्वजनिक जीवन में बीता.
हालांकि, संन्यास लेने के बाद भी उनका अपनी मां से संपर्क बना रहा. मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में वह करीब पांच साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मां सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी.
2020 में हुआ था पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को दिल्ली स्थित एम्स में हुआ था. वह 89 वर्ष के थे. उस समय देश में कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन लागू था. पिता के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने का फैसला किया था.
Also Read : झारखंड : ‘सबका नंबर आयेगा’ E-Challan APK और फर्जी कैशबैक के जरिए ठगी कर रहे 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार

