जामताड़ा : नेटफ्लिक्स में चर्चित वेब सीरीज ‘जामताड़ा : सबका नंबर आएगा’ जिस साइबर ठगी के खेल को पर्दे पर दिखाया था, उसकी चर्चा एक बार फिर जामताड़ा में हो रही है. जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस जांच में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग तरीके सामने आए हैं. इनमें व्हाट्सऐप पर RTO E-Challan के नाम से APK फाइल भेजना, बैंक अधिकारी बनकर ATM और OTP की जानकारी हासिल करना तथा PhonePe पर 2,999 रुपये कैशबैक का झांसा देना शामिल है.
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव में छापेमारी कर समरेश मंडल (25) और प्रलाप कुमार मंडल (26) को गिरफ्तार किया. दोनों इसी गांव के रहने वाले हैं.
इसके अलावा नारायणपुर थाना क्षेत्र के विष्टोपुर गांव से खगेन दां (22) और जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से उत्तम नाग (37) को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं.
E-Challan APK भेजकर मोबाइल की जानकारी चुराते थे
पुलिस के अनुसार, समरेश मंडल और प्रलाप कुमार मंडल लोगों के व्हाट्सऐप नंबर पर RTO E-Challan के नाम से APK फाइल भेजते थे. मैसेज के साथ भेजी गई फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल की गोपनीय जानकारी आरोपियों तक पहुंच जाती थी. इसके बाद ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी की जाती थी.
खगेन दां बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था. इस दौरान वह लोगों से 16 अंकों का ATM नंबर, CVV और OTP हासिल करता था. इन जानकारियों का इस्तेमाल कर विभिन्न ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए जाते थे.
पुलिस के मुताबिक, उत्तम नाग PhonePe पर 2,999 रुपये कैशबैक मिलने का मैसेज भेजकर लोगों को उसे स्वीकार करने के लिए कहता था. जैसे ही ग्राहक मैसेज में दिए गए निर्देश के अनुसार स्वीकार करने की प्रक्रिया पूरी करता था, ठगी की जाती थी.
पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोपित
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार समरेश मंडल पहले भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 35/22 में आरोपित है. वहीं, खगेन दां के खिलाफ साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 70/21 और 56/25 दर्ज हैं.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) और दूरसंचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस की अपील : अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें
जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आम लोगों के लिए भी सतर्क रहने की जरूरत है. अनजान व्हाट्सऐप लिंक या APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल न करें. बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले किसी भी व्यक्ति को ATM नंबर, CVV या OTP न बताएं. इसी तरह कैशबैक के नाम पर आने वाले अनजान मैसेज और लिंक पर भरोसा न करें.
Also Read : राजस्थान पुलिस की रिपोर्ट पर झारखंड के 24 जिलों के एसपी क्यों हैं अलर्ट पर, पढ़े पूरी रिपोर्ट

