टेलीकॉम सेक्टर की एक अहम संस्था TRAI में बड़ा बदलाव हुआ है. देश के जाने-माने अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा ने अपना निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अंशकालिक सदस्य का पद छोड़ दिया है. सितंबर 2024 में तीन साल के लिए नियुक्त हुए मिश्रा ने 8 अक्टूबर से पद छोड़ने की सूचना केंद्र सरकार को दी थी. अब 18 नवंबर को दूरसंचार विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. हालांकि, उनके इस्तीफे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है.
दूरसंचार विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, नीलकंठ मिश्रा को भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के अंशकालिक सदस्य के रूप में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण अधिनियम, 1997 के तहत नियुक्त किया गया था. उन्होंने 8 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार को लिखित सूचना देकर पद छोड़ने की इच्छा जताई थी. सरकार ने उनका इस्तीफा इसी तारीख से प्रभावी माना है.
कौन हैं नीलकंठ मिश्रा?
नीलकंठ मिश्रा देश के जाने-माने अर्थशास्त्री और वित्तीय बाजार के विशेषज्ञ हैं. वह एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री (Chief Economist) हैं. इसके साथ ही एक्सिस कैपिटल में ग्लोबल रिसर्च प्रमुख और पूर्णकालिक निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं.
मई 2023 में एक्सिस समूह से जुड़ने से पहले उन्होंने करीब दो दशक तक क्रेडिट सुइस में काम किया. वहां वह एशिया-पैसिफिक स्ट्रैटेजी के सह-प्रमुख और भारत के रणनीतिकार रहे. उन्होंने हिंदुस्तान यूनिलीवर और इन्फोसिस में भी काम किया है.
नीलकंठ मिश्रा आईआईटी कानपुर के गोल्ड मेडलिस्ट हैं और संस्थान से विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं. वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अंशकालिक सदस्य और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के अंशकालिक अध्यक्ष भी हैं. इसके अलावा, वह इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और 15वें एवं 16वें वित्त आयोग जैसे सरकारी निकायों को भी सलाह दे चुके हैं.
सितंबर 2024 में हुई थी नियुक्ति
केंद्र सरकार ने 20 सितंबर 2024 को अधिसूचना जारी कर नीलकंठ मिश्रा और आईआईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंजन बोस को TRAI का अंशकालिक सदस्य नियुक्त किया था. नियुक्ति की शर्तों के मुताबिक, उनका कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से तीन साल या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक, इनमें से जो पहले हो, निर्धारित किया गया था.
नीलकंठ मिश्रा ने 16 जुलाई 2024 को TRAI के अंशकालिक सदस्य के रूप में पदभार संभाला था. इस हिसाब से उनका तीन साल का निर्धारित कार्यकाल जुलाई 2027 तक होना था. लेकिन उन्होंने इससे पहले ही पद छोड़ दिया.
क्यों महत्वपूर्ण है TRAI में उनकी भूमिका?
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) देश में टेलीकॉम और प्रसारण क्षेत्र का प्रमुख नियामक संस्थान है. मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता, टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा, उपभोक्ताओं के हित और दूरसंचार सेवाओं से जुड़े नियामकीय ढांचे में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
नीलकंठ मिश्रा की विशेषज्ञता अर्थव्यवस्था, वित्तीय बाजार और निवेश से जुड़े मामलों में रही है. TRAI में उनकी भूमिका दूरसंचार क्षेत्र के आर्थिक पहलुओं और नीतिगत चर्चाओं से भी जुड़ी थी. फरवरी 2026 में TRAI के स्थापना दिवस से संबंधित कार्यक्रम में उन्होंने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, नेटवर्क विस्तार, फाइबर कनेक्टिविटी, सैटेलाइट ब्रॉडबैंड और नई तकनीकों में निवेश के महत्व पर भी विचार रखे थे.
Also Read : झारखंड : आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार, 2019 से चल रही थी जांच

