केरेडारी: हजारीबाग जिले के केरेडारी स्थित एनटीपीसी कोल प्रोजेक्ट के एमडीओ ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मेन गेट पर बीती रात अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना में किसी तरह का कोई नुकसान नही हुआ है. घटना के बाद कर्मचारियों और इलाके में दहशत का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, कंपनी के पीआरओ रवि कुमार से बातचीत करने पर बोला गया कि मुझे मामले की जानकारी नहीं है. साइट पर जाने के बाद कुछ बता पाएंगे.
जानकारी के अनुसार, पगार ओपी थाना क्षेत्र स्थित ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर अज्ञात लोगों ने देर रात कई राउंड गोलियां चलाईं है. घटनास्थल से तीन खोखा बरामद हुई है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

इस गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज जारी कर राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली है. गैंग की ओर से जारी संदेश में दावा किया गया है कि कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गई हैं.
संदेश में इस गोलीबारी को महज ट्रेलर बताते हुए कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी गई है. हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस कथित प्रेस रिलीज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. गोलीबारी के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच अहम होगी.

