जोहार लाइव ब्यूरो
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) के समर्थक सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया. उसे अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में लिया था और अमेरिकी सरकार के साथ तालमेल के बाद भारत डिपोर्ट किया गया.उसके भारत पहुंचते ही NIA ने उसे हिरासत में ले लिया.
सुरिंदर सिंह की गिरफ्तारी 27 अप्रैल 2026 को शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के मामले में हुई है. धमाका डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) की रेल लाइन पर किलोमीटर नंबर 1174-5 के पास हुआ था. जांच एजेंसी के मुताबिक यह धमाका KZF की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने के इरादे से किया गया था.
वीडियो में किया था हमले का गुणगान
NIA की जांच में सामने आया कि ब्लास्ट के बाद सुरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था.इसमें उसने घटना की सराहना की और उसका समर्थन किया. साजिश में शामिल आरोपियों का साथ देने की बात कही. इनमें मृतक जगरूप सिंह भी था, जिसकी धमाके को अंजाम देते समय मौत हो गई थी.
प्रतिबंधित संगठन KZF को “क़ौमी ऑर्गनाइज़ेशन” बताया.
नामित व्यक्तिगत आतंकी (Designated Individual Terrorist) रणजीत सिंह उर्फ नीटा को “क़ौम का जनरल” कहा.
पहले से जारी था लुकआउट सर्कुलर
जांच के दौरान NIA ने आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था.पंजाब के अलग-अलग जिलों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं.
अब तक 8 गिरफ्तारियाँ
इस गिरफ्तारी के साथ राजपुरा-शंभू ब्लास्ट केस में NIA अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी का कहना है कि बड़ी साज़िश की जांच जारी है. उसका मकसद आतंकियों और विदेश में बैठे उनके सहयोगियों के बढ़ते गठजोड़ को तोड़ना और उनकी फंडिंग व ढांचे को ध्वस्त करना है. मामले में जांच आगे जारी है.

