रांची: आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में सोमवार को सीबीआई की टीम केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के घर पहुंची. सीबीआई ने सोमवार को ही मामले की जांच औपचारिक रूप से अपने हाथ में ली है. दिल्ली स्थित सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद एजेंसी ने जांच शुरू कर दी है.
सीबीआई की टीम अजय तिर्की के घर पहुंचकर मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
16 नवंबर को सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी
सीबीआई ने निशा भगत की मौत के मामले में पिठोरिया थाने में पहले से दर्ज प्राथमिकी (114/2026) को अपने यहां दोबारा दर्ज किया है. एजेंसी की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1, नई दिल्ली में इस मामले में RC0482026S0007 नंबर से केस दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित किराये के मकान में निशा भगत की मौत हो गई थी. इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव पर आकर जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की ओर से शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लगाए थे. उन्होंने लाइव के दौरान अपनी परेशानी साझा की थी.
निशा के पिता हांदू भगत की शिकायत पर 7 नवंबर को पिठोरिया थाने में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी. पुलिस ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई थी. बाद में थाना प्रभारी को पुलिस लाइन भेज दिया गया था.
10 नवंबर को राज्य सरकार ने की थी सीबीआई जांच की अनुशंसा
मामले में परिजनों और विभिन्न संगठनों की ओर से सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 नवंबर को निशा भगत की मौत की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की थी. इसके बाद राज्य सरकार ने 10 नवंबर को दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत अधिसूचना जारी की. केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने 14 नवंबर को संबंधित अधिसूचना जारी की. इसके बाद 16 नवंबर को सीबीआई ने प्राथमिकी दोबारा दर्ज कर आधिकारिक तौर पर जांच अपने हाथ में ले ली.
Also Read : वोट चोरी पर CEC समेत तीनों चुनाव आयुक्तों से 48 सवालों के जवाब मांगने सुप्रीम कोर्ट पहुंचा INDIA गठबंधन



