मेदिनीनगर (पलामू)। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर बसौरा इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप बुधवार को अश्विनी अमृततुल्य चाय दुकान के ग्रैंड ओपनिंग समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी राजू तिर्की और विशिष्ट अतिथि रिंकू मेहता को अपने साथ थाने ले जाया गया.
पुलिस ने दोनों अतिथियों के काफिले में शामिल गाड़ियों, हथियारों और हथियारबंद सुरक्षा गार्ड को भी कब्जे में ले लिया. सभी को मेदिनीनगर शहर थाना ले जाया गया. समारोह के बीच अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.

पांच थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे. पांच थानों की पुलिस को एक साथ देखकर समारोह में मौजूद लोग भी हैरान रह गए. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों अतिथियों और उनके काफिले को अपने कब्जे में लिया.
अश्विनी अमृततुल्य चाय दुकान के उद्घाटन समारोह में समाजसेवी वरुण जायसवाल, मनोज सिंह चेरो, पूर्णाडीह पंचायत की मुखिया गुड़ी देवी, पप्पू यादव और विशाल गिरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे. समारोह में अतिथियों के रूप में पहुंचे राजू तिर्की और रिंकू मेहता को पुलिस द्वारा थाने ले जाने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
कार्रवाई के कारणों पर आधिकारिक जानकारी नहीं
समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई के कारणों, जब्त किए गए हथियारों और वाहनों की स्थिति तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था. पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
Also Read : झारखंड : सिमडेगा में मुर्गा लड़ाई के जरिए सट्टेबाजी, दो गिरफ्तार


