रांची. रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची के कथित दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है. आयोग ने झारखंड पुलिस से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है. यह कार्रवाई 10 नवंबर को स्थानीय मीडिया में प्रकाशित घटना से संबंधित रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
आयोग ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों के अनुरूप मामले की बाल-अनुकूल जांच करने और सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है. इसके अलावा पीड़िता को आवश्यक चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने को कहा है.
क्या है पूरा मामला
मामला 9 नवंबर को रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में हुई. आरोपी बच्ची के परिवार का परिचित बताया जा रहा है और उसका घर आना-जाना था. आरोप है कि वह बच्ची के पिता से चावल लाने के बहाने दोपहिया वाहन लेकर गया और बच्ची को भी अपने साथ ले गया. इसके बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी बच्ची को घर के पास छोड़कर फरार हो गया.
घर लौटने पर बच्ची के कपड़ों पर धूल-मिट्टी लगी देखकर उसकी मां ने पूछताछ की. इस दौरान बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की.
बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा पर आयोग सख्त
राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा है कि बच्चों के विरुद्ध यौन हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और संरक्षण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए. आयोग ने ऐसे अपराधों के आरोपियों को शीघ्र कानून के कटघरे में लाने की आवश्यकता पर जोर दिया है.
Also Read : झारखंड : कोयला लोड ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, सड़क जाम


