रांची। फॉरेस्ट्री, वाइल्डलाइफ और एनवायरनमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने का प्लान है तो झारखंड में आपके लिए जॉब का मौका है. राज्य के वन विभाग ने चतरा, गिरिडीह और रांची में रिसर्च से जुड़े सात पदों पर भर्ती निकाली है. खास बात यह है कि इसके लिए लंबी ऑनलाइन परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि सीधे वॉक-इन-इंटरव्यू के जरिए सिलेक्शन किया जाएगा.
भर्ती में जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) और सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) के पद शामिल हैं. क्वालिफिकेशन के हिसाब से चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 30 हजार से 42 हजार रुपये तक मानदेय मिलेगा. रांची के पद पर 18 प्रतिशत HRA का भी प्रावधान है. इंटरव्यू 20 और 21 नवंबर को होंगे.
चतरा-गिरिडीह में JRF-SRF के 6 पद, जानें क्या चाहिए क्वालिफिकेशन
चतरा उत्तरी वन प्रमंडल में नेशनल वर्किंग प्लान कोड-2023 के तहत वर्किंग प्लान तैयार करने के लिए तीन पदों पर भर्ती होगी. इनमें एक SRF और दो JRF के पद हैं.
SRF के लिए फॉरेस्ट्री, इकोलॉजी, स्टैटिस्टिक्स, वाइल्डलाइफ बायोलॉजी या संबंधित विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्टग्रेजुएशन जरूरी है. साथ ही CSIR-UGC NET या GATE क्वालिफाई होना चाहिए. दो साल का रिसर्च एक्सपीरियंस या पीएचडी में अध्ययनरत होने की योग्यता भी मांगी गई है.
JRF के लिए संबंधित विषय में पोस्टग्रेजुएशन और CSIR-UGC NET या GATE क्वालिफाई होना जरूरी है. चयनित उम्मीदवारों को JRF के लिए 30 हजार और SRF के लिए 35 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे.
गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल में भी तीन रिसर्च पदों पर भर्ती होगी. यहां दो JRF और एक SRF का पद है. इनकी जिम्मेदारी सुरक्षित और आरक्षित वनों से जुड़े आंकड़ों का संग्रह, आकलन और रख-रखाव करना होगा.
इन पदों के लिए संबंधित विषय में पोस्टग्रेजुएशन और निर्धारित नियमानुसार NET/GATE की योग्यता जरूरी है. JRF को 30 हजार और SRF को 35 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा.
रांची में 42 हजार की सैलरी, 35 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं अप्लाई
रांची स्थित वन भवन के वैज्ञानिक वानिकी प्रबंधन यूनिट में SRF के एक पद पर भर्ती होगी. इसके लिए फॉरेस्ट्री, बॉटनी, एग्रीकल्चर, स्टैटिस्टिक्स, रिमोट सेंसिंग एवं GIS, वाइल्डलाइफ साइंस, जूलॉजी या बायोटेक्नोलॉजी में फर्स्ट क्लास के साथ MSc होना जरूरी है.
इसके अलावा UGC, CSIR, ICAR या ICFRE NET क्वालिफाई होना चाहिए अथवा पीएचडी की योग्यता होनी चाहिए. उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 35 साल तय की गई है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी.
इस पद पर चयनित उम्मीदवार को हर महीने 42 हजार रुपये मानदेय मिलेगा. इसके अलावा तीसरे, चौथे और पांचवें वर्ष के लिए 18 प्रतिशत HRA भी दिया जाएगा.
एक नजर में पूरी वैकेंसी
| भर्ती स्थल | पद | मानदेय | इंटरव्यू |
|---|---|---|---|
| चतरा | 2 JRF, 1 SRF | 30-35 हजार | 20 नवंबर |
| गिरिडीह | 2 JRF, 1 SRF | 30-35 हजार | 21 नवंबर |
| रांची | 1 SRF | 42 हजार + HRA | 21 नवंबर |
इंटरव्यू कब और कहां होगा? जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी जानें
वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवार इन तारीखों और जरूरी निर्देशों का ध्यान रखें:
- चतरा: 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से चतरा उत्तरी वन प्रमंडल में इंटरव्यू होगा.
- गिरिडीह: 21 नवंबर को सुबह 11 बजे से गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में इंटरव्यू आयोजित होगा.
- रांची: 21 नवंबर को सुबह 10 बजे से वन भवन के वैज्ञानिक वानिकी प्रबंधन यूनिट में इंटरव्यू होगा.
- जरूरी डॉक्यूमेंट्स: शैक्षणिक प्रमाणपत्र, NET/GATE सर्टिफिकेट, रिसर्च एक्सपीरियंस से जुड़े दस्तावेज, आयु प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात की ओरिजिनल कॉपी के साथ फोटोकॉपी भी रखें.
- आधिकारिक अधिसूचना: इंटरव्यू में शामिल होने से पहले संबंधित वन प्रमंडल या कार्यालय की भर्ती विज्ञप्ति जरूर चेक करें. आवेदन का फॉर्मेट, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी उसी में दी गई है.
Also Read : झारखंड : रांची में फसल रक्षक के 21 पदों पर भर्ती, 10वीं पास अभ्यर्थी 14 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन


