रांची। आदिवासी नेत्री निशा भगत के आत्महत्या के प्रयास के मामले में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पिठोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. मरांडी ने कहा कि निशा भगत ने अपनी आत्महत्या के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पिठोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की को जिम्मेवार ठहराया है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर कुछ दलालों द्वारा आदिवासियों की जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है. राज्य के हर थाना और अंचल में जमीन लूट का खेल चल रहा है. आदिवासी समाज आखिर अपनी ही जमीन पर कब तक प्रताड़ित होता रहेगा?
मरांडी ने कहा कि जनजातीय समाज के हक-अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली और समाज की मुखर आवाज रही युवा नेत्री को इस हद तक प्रताड़ित होना पड़ा कि वह अपनी जान देने की स्थिति में पहुंच गईं.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की. साथ ही निशा भगत द्वारा जिम्मेवार ठहराए गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पिठोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.


