जोहार लाइव ब्यूरो
धनबाद: धनबाद थाना के ठीक सामने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार सवार तीन लोग एक किशोर के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश करने लगे. किशोर को इस तरह कार में डालने की कोशिश देखकर स्थानीय लोगों को अपहरण की आशंका हुई.
इसके बाद लोगों ने तीनों युवकों को घेर लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. इसी बीच मौका पाकर किशोर वहां से भाग निकला. हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला अपहरण का नहीं, बल्कि मोबाइल चोरी के आरोप से जुड़ा बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, ग्रीन व्यू पेट्रोल पंप के पास सब्जी बाजार लगता है. कार सवार तीनों लोगों का आरोप था कि किशोर ने उनका मोबाइल चोरी किया है और इसी आरोप में वे उसे पकड़कर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे.
कार पर लिखा था ‘भारत सरकार’, बिहार का था नंबर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस कार से तीनों लोग पहुंचे थे, उस पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था और गाड़ी का नंबर बिहार का था. किशोर के साथ मारपीट और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश देखकर आसपास मौजूद लोगों को लगा कि उसका अपहरण किया जा रहा है. देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और तीनों को घेरकर उनकी पिटाई शुरू कर दी. इसी दौरान किशोर वहां से निकलने में कामयाब रहा.

घटना को लेकर धनबाद थाना की पुलिस ने अनभिज्ञता जताई है. पुलिस का कहना है कि उसे इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है. अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है. ऐसे में घटना के वास्तविक कारणों और कार सवार तीनों लोगों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
Also Read : दीपावली से पहले एक्शन मोड में हजारीबाग पुलिस, अड्डेबाजी और जुए की आशंका वाले ठिकानों पर छापेमारी


